10 houses in Tamkor were locked in one night. | एक ही रात में टूटे 10 मकानों के ताले: झुंझुनूं के टमकोर में चोरों का आतंक; लाखों की चोरी, सुरक्षा पर उठे सवाल – Jhunjhunu News


झुंझुनूं जिले के टमकोर कस्बे में मंगलवार रात अलग-अलग मोहल्लों में 10 मकानों के ताले टूटे। बुधवार सुबह जब मोहल्ले के लोग जागे और चोरी का पता लगा तो हड़कंप मच गया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में हुई चोरी की वारदातों से पूरे कस्बे में भारी आक्रोश है।

.

घटना का पता चलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। साक्ष्य जुटाने के लिए झुंझुनूं से SFSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री) की विशेष टीम को बुलाया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने प्रभावित घरों से फिंगरप्रिंट और फुटप्रिंट के नमूने जुटाए।

चोरों ने उन मकानों को निशाना बनाया जहां परिवार के लोग किसी कार्यक्रम में बाहर गए हुए थे या घर सूने थे। पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोर अलमारियों और संदूकों के ताले तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के कीमती जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर ले गए।

घरों के अंदर टूटी अलमारी

घरों के अंदर टूटी अलमारी

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल

पुलिस कस्बे के मुख्य चौराहों और घरों के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। हालांकि, दिन भर चली जांच के बावजूद अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।

एक ही रात में 10 घरों में सेंधमारी ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।

चोरी गए माल की कीमत लाखों में बताई जा रही है। इसका सटीक आकलन पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।

घरों से चोरी होने के बाद बिखरे संदूक

घरों से चोरी होने के बाद बिखरे संदूक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *